Wednesday, 12 June 2013

अन्नपूर्णा नहीं हैं ये सरकारें!



सचिन कुमार जैन

मैं पिछले ३ महीनों से मध्यप्रदेश में एक सरकारी विज्ञापन देख रहा हूँ, जिस पर लिखा है – “एक दिन की मजदूरी में पूरे महीने का राशन”. यह मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री अन्नपूर्ण योजना का विज्ञापन है. इसमे सरकार ने गरीबी की रेखा के नीचे रहने वाले परिवारों को १ रूपए किलो गेहूं और २ रूपए किलो चावल देने वाला कार्यक्रम शुरू किया है. माफ कीजियेगा; कोई कार्यक्रम शुरू नहीं किया है बल्कि पहले से चल रही सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानी सस्ते राशन की दुकान वाली योजना में कुछ फेरबदल किया है. फेर बदल यह है कि दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार गरीबों को ५ रूपए किलो गेहूं और ६.५० रूपए किलो चावल देती है, भोपाल में बैठी मध्यप्रदेश सरकार ने इस राशि को कम करके  १ रूपए और २ रूपए कर दिया. यानी लोगों को राहत मिली; पर क्या इसे अधिकार माना जाएगा? हमारा राज्य भोजन के अधिकार को भोजन की खैरात में तब्दील कर रहा है, जिसमे जरूरत पूरी करने के लिए व्यावस्था नहीं बनायी जाती, बल्कि सरकार अपनी सहूलियत और आत्ममुग्धता के आधार पर व्यवस्था बनाती है. सवाल यह भी है कि क्या मध्यप्रदेश में सूक्ष्मपोषक तत्वों की कमी से जूझ रही ८९ प्रतिशत जनसँख्या को पोषण (सम्मानजनक जीवन के लिए भोजन का पोषण युक्त होना जरूरी है) का अधिकार मिल पायेगा? केवल गेहूं और चावल से कुपोषण तो मिटेगा नहीं, तब सरकार पोषण आहार के लिए बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पादों के पक्ष में खड़ी हो जायेगी. मध्यप्रदेश सरकार के भोजन के अधिकार के इस दावे और १० जून २०१३ को भोपाल में जारी हुए जनगणना के नए आंकड़ों के बीच के संबंधों को भी देखिये. वर्ष २००१ में कुल कार्यशील जनसँख्या में से ४२.८ प्रतिशत लोग कृषक थे. यह संख्या २०११ में घट कर ३१.२ प्रतिशत पर आ गई. अब सवाल यह कि ये ११ प्रतिशत किसान कहाँ गए? वर्ष २००१ में कुल कार्यशील जनसँख्या में से २८.७ प्रतिशत लोग खेतिहर मजदूर थे, जो २०११ में बढ़ कर ३८.६ प्रतिशत हो गए.  किसान खेत के मालिक से खेत का मजदूर बन रहा है और मध्यप्रदेश सरकार इसकी क्षतिपूर्ति राशन की कीमत कम करके करने की कोशिश में जुटी हुई है.

मैं कुछ सवालों के जवाब दे देना चाहता हूँ. पहला तो यह कि मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में महज २० किलो गेहूं और चावल मिलता है; यानी एक सदस्य को एक दिन के लिए १३३ ग्राम गेहूं. इससे ४ रोटियां बनती हैं. क्या ४ रोटियों से एक परिवार को भूख और पोषण की कमी से मुक्त किया जा सकता है? भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक भारत की परिस्थितियों में एक वयस्क को प्रतिदिन ४६६ ग्राम अनाज खाने को मिलना चाहिए.  मध्यप्रदेश सरकार इस जरूरत का एक तिहाई से भी कम दे रही है; पर विज्ञापन कहता है एक दिन की मजदूरी में पूरे दिन का राशन दे रही है सरकार!
दूसरी बात यह कि घर के राशन का मतलब केवल गेहूं, चावल और नमक नहीं होता है. भारत सरकार लगातार इस तथ्य  की उपेक्षा करती रही है कि कुपोषण से मुक्ति के लिए अनाज की मात्रा को बढाते हुए सस्ते राशन के कार्यक्रम में दालों और खाने के तेल को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए. केंद्र सरकार के अमानवीय रवैय्ये के सन्दर्भ में मध्यप्रदेश की योजना में इन दोनों वस्तुओं का समावेश करके जनोन्मुखी राजनीति का उदाहरण पेश कर सकती थी मध्यप्रदेश सरकार; पर ऐसा नहीं किया गया. जबकि दावा यह किया जा रहा है कि दालों और तिलहन के उत्पादन के मामले में हमारा राज्य देश में सबसे ऊपर है. वर्ष २०१२ में राज्य की कृषि  विकास दर १८ प्रतिशत रही; खेती के विकास में केवल गेंहू और चावल का ही योगदान नहीं रहा है. खेती का परिणाममूलक विकास उसे माना जाएगा जो भुखमरी और कुपोषण को खत्म करने में सीधी भूमिका निभाए.

तीसरी बात जो सबको जान लेना चाहिए कि मध्यप्रदेश सरकार सस्ते राशन की कीमत को और कम क्यों कर रही है; जबकि वास्तव में उसे हर परिवार को मिलने वाली अनाज की मात्रा को बढ़ाना चाहिए था. पीडीएस के तहत हर गरीब (इसका अब तक सही आंकलन नहीं हुआ है कि कौन गरीब है और किन आधारों पर) परिवार को ३५ किलो राशन दिया जाएगा, पर मध्यप्रदेश में २० किलो अनाज ही दिया जाता है. कारण यह है कि भारत सरकार ४२ लाख परिवारों को ही गरीब मान कर ३५ किलो राशन देती है, जबकि मध्यप्रदेश में ७० लाख परिवार गरीबी की रेखा में दर्ज हैं, इसलिए सबको ३५ किलो अनाज देने के बजाये वह २०-२० किलो का प्रावधान करके कार्यक्रम चला रही है. यह सर्वोच्च न्यायलय के आदेश (२००८) का उल्लंघन भी है. मध्यप्रदेश सरकार कीमत कम करने में राज्य सरकार के जिन संसाधनों का उपयोग कर रही है उसका उपयोग मात्रा को बढाने में किया जा सकता था.  यदि पीडीएस में ३५ किलो अनाज ५ रूपए के मान से भी दिया जाता तो १७५ रूपए खर्च होते; अभी की स्थिति में लोगों को १६ रूपए के मान से १५ किलो अनाज खरीदने में (पीडीएस से एक रूपए किलो और बाज़ार की खरीदी मिला कर) २६० रूपए खर्च करना पड़ रहे हैं. गरीबी की रेखा का जाल मध्यप्रदेश में अब भी ३० लाख लोगों की गर्दन फंसाए रखेगा. जिन आधारों पर यह रेखा खींची जाती है, वह रेखा वास्तव में भुखमरी की कगार पर रहने वाले नागरिकों की पहचान के लिए ही उपयुक्त है. वर्ष २००९ से गरीबी के नए मापदंडों और गरीबों की पहचान के तरीकों पर काम होना शुरू हुआ. ३ समितियां बनीं. अंततः योजना आयोग की दुराचारों की वजह से गरीबी की रेखा विवाद में फँसी और गरीब भूख के जाल में. यह मामला लोगों को केवल सस्ते राशन से ही वंचित नहीं करता है बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा के हकों से भी दूर हटाता है. यानी लोग वंचितपन के दुष्चक्र में फंसते हैं और फंसे रह जाते हैं.  

ऐसा नहीं है कि सरकार को ये सारे गणित पता नहीं है; गणित पर राजनीति का शासन है. कीमत कम करने से मध्यप्रदेश सरकार यह दावा कर सकती है कि राज्य सरकार यह योजना चला रही है; और यदि वह अपने संसाधन जोड़ कर भी ५ रूपए किलो के मान से ३५ किलो अनाज देती रहेगी तो वह लोगों के बीच जाकर या अखबारों में मंहगे विज्ञापन देकर यह नहीं कह सकती थी कि उसने कोई नया काम किया है; क्योंकि यह योजना तो पहले से चल रही है और यदि किसी विसंगति को दूर करने के लिए उसने कोई अतिरिक्त संसाधन खर्च किये भी तो यह उसका प्रशासकीय उत्तरदायित्व बनता. यह प्रकरण बहुत साफ़ है, सरकार अपनी योजना इस आधार पर बनाती है कि एक अच्छा राजनीतिक नारा कैसे बन सकता है; बस इससे ज्यादा कुछ और नहीं.


Tuesday, 4 June 2013

गरीबी की परिभाषा





गरीब तो विकास करते समाज के
खूबसूरत चेहरे पर काले तिल की तरह है
जो असमानता को सौंदर्य प्रदान करता है;

गरीबी तो राजनीति से उपजी कीचड़ है
जैसे प्रकृति कीचड में कमल खिलाती है
वैसे ही सत्ता इस गरीबी के कीचड़ में
उपनिवेश के सुन्दर नयनाभिराम कमल खिलाती है;

गरीब तो स्वर्ग की नृत्य करती
अप्सराओं की तरह है
जो दिल्लिओं में सजे दरबारों में
बिराजमान इन्द्रों के समक्ष
मृत्यु का नृत्य करने के लिए नियुक्त हैं;

राजनीतिक अर्थव्यवस्था में गरीब
रेगिस्तान में दिखाई देने वाली
मृग मरीचिका की तरह है,
जो पैदा होती है
होने का भ्रम उत्पन्न करती है
और अपने आप विलीन हो जाती है,
भ्रमों में पड़ कर
कोई नीति नहीं बनायी जाना चाहिए;

वक्त बदला है आप बस इतनी बदल जाईये
अब गरीब को आप सीधे गुलाम मत बनाइये,
वह अब साक्षर है, गुलामी बनाए रखने के लिए
उसे सहभागी और हितग्राही के रास्ते से
अपने पिंजरे की तरफ बुलाईये,

उदारवादी सफेदी पसंद समाज के लिए
गरीब उस अनिवार्य तिलचट्टे की तरह है,
जिसका होना अनादी अनंत है,
ताकि वह उनका मल खाता रहे
एक बुनियादी मूल्य की तरह,

विद्वानों के लिए गरीबी
विचार सौष्ठव का उपकरण है,
सिद्धांत के साथ गरीबी पर झूठ की
एक और परत चढ़ाना
उनकी उपलब्धि बन जाती है,

गरीबों को भी पता है वे पेशा हैं
और बसा हुआ है बाज़ार उनके चित्रों का
गांव से लेकर धरती के आखिरी कोने तक,

सरकारों के लिए जरूरी है
गरीबी का बने रहना
ताकि चुनाव लड़े जा सकें
उपनिवेशवादी लोकतंत्र
गरीबों को खाकर जिन्दा रहता है;

Friday, 31 May 2013

यह किसका असर है? हिंसा का या अहिंसा का?



भारत सरकार को एक बात समझ आई कि गरीबी की रेखा और गरीबी की रेखा एक धोखा और झूठ है. माओवाद से प्रभावित जिलों में ४० लाख परिवार गरीबी की रेखा में घोषित किये जा रहे हैं. देखिये इसे - 

१. देश के २२ जिले (ग्रामीण) बी पी एल घोषित किये जा रहे हैं;
२. माओवाद प्रभावित ३४ अन्य जिलों में सभी दलित-आदिवासी, महिला नेतृत्व वाले और वृद्धजनों वाले परिवार गरीबी की रेखा में होंगे;
३. २६ अन्य जिलों के १०६ विकास खण्डों के सभी दलित-आदिवासी, महिला नेतृत्व वाले और वृद्धजनों वाले परिवार गरीबी की रेखा में होंगे;

१६ साल हो गए हमें यह चिल्लाते-चिल्लाते की गरीबी की रेखा एक षड़यंत्र है, देश के संगठनों और संस्थाओं ने रोज़ी-रोटी अधिकार अभियान के तहत सर्वोच्च न्यायालय और अन्य न्यायालयों में हज़ारों शपथ पत्र दिए, दिल्ली और अन्य जगहों पर लोकतांत्रिक ढंग से अहिंसक धरने दिए; १००० से ज्यादा अध्ययन हुए और शोध पत्र लिखे गए; हमारी सरकार ने न मानी; माओवादियों की मान ली; क्या अब भी आप यह नहीं मानते के हमारी सरकार सीधे सीधे नहीं मानती; वह सम्मान की भाषा नहीं समझती और वह चाहती है कि लोग बागी हो जाए;

Thursday, 30 May 2013

जले हुए शहर में



मल जो निकल रहा है दिमागों से 
वह समुद्र को भी सड़ा रहा है,
गन्दगी जो पल रही है मनों में 
वह हमें बना रही है जहर का ढेर,
नया समाज उठावने को 
उत्सव की तरह मनाता है,
उठता है हर सुबह और 
नहा कर निकल जाता है 
बीते दिन जले हुए शहर में 
बिखरी रिश्तों की अस्थियां समेटने;

बस यूँ ही नहीं



राम ने शोषण के खिलाफ जंग की थी; यदि वे योजना आयोग या संसद गए होते न्याय मांगने तो सीता जी का क्या होता?
कृष्ण ने भी शोषण की ही खिलाफत की थी; कंस के खिलाफ और फिर कौरवों के खिलाफ उन्होंने नीति-रणनीति और कूटनीति का उपयोग किया; यदि उन्हे आज यह लड़ाई लड़ना होती तो उनका क्या होता?

जिन्हे हम पूजते हैं, जब वे ही अहिंसा के मार्ग पर पूरी तरह से नहीं चल पाए और उन्हे हथियार उठाने या उठवाने पड़े; तो आज ऐसा क्या बदल गया है कि हमने अपने सिद्धांत बदल लिए: क्या रामराज्य ज्यादा अन्यायपूर्ण और अलोकतांत्रिक था, जो हथियार को मर्यादा के दायरे में मान लिया गया? क्या तब असुरों का राज्य आज के राज्य से ज्यादा जनविरोधी और आतंकी था? क्या अब ज्यादा लोकतंत्र है? हम अपनी सहूलियत के हिसाब से सही और गलत का निर्धारण करते हैं; हम ईमानदारी से अपना पक्ष तय नहीं करते; न्याय की लड़ाई को यदि आपने युद्ध के मैदान तक पंहुचा ही दिया है तो अब उसके परिणाम स्वीकार करने की ईमानदारी तो आपको दिखानी ही होगी;

Tuesday, 4 December 2012




भोपाल, मैं और 2 दिसंबर 1984 की दरम्यानी रात

सचिन कुमार जैन
====================

आज मुझे भी वह अँधेरी सुबह याद आ गयी। 2 और 3 दिसंबर 1984 की दरम्यानी रात, भोपाल के घोडा नक्कास में निवास करते हुए जब हमने भी जहर भरी हवा को लीला था। मैं भोपाल गैस त्रासदी का जिक्र कर रहा हूँ।  दुनिया की सबसे विनाशकारी औद्योगिक त्रासदी; जिसके बारे में आज तक यह सपष्ट नहीं है कि वह एक दुर्घटना थी या गरीबों पर किया गया प्रयोग! हमारे घर की छत से यूनियन कार्बाइड कारखाने को देखा जा सकता था।  उस वक्त मैं 11 साल का था। जिस कुम्हार गली में हम रहते थे उसमे रोने-चीखने की आवाजें आ रही थीं और तभी किसी ने घर का मुख्य दरवाज़ा खोल दिया। ऐसा लगा किसी ने मिर्ची का पावडर आँखों में भर दिया हो। रात एक बजे जब हम एक दुपहिया वाहन पर चार-चार लोग अपने घरों से निकले तब हमने छोटे तालाब में लोगों को गैस की जलन से बचने के लिये कूदते देखा। मंडीदीप तक पंहुचते हुए हमने सड़क पर लोगों को कटे पेड़ की तरह गिरते और दम तौड़ते देखा। लोग अपने सिरों पर अपना सामान रख कर भाग रहे थे, वज़न लेकर चलने के कारण उनकी सांस और तेज़ चल रही थी; यानी वे और ज्यादा जहर अपने फेंफडों में भर रहे थे। लोगों को सामान लेकर इसलिए भागना पड़ा क्योंकि यह अफवाह भी उड़ा दी गयी थी कि भोपाल के किसी कारखाने में आग लग गयी है और अब पूरा शहर जल जाएगा। वे अपना थोडा बहुत सामान बचाना चाहते थे।

हम ढाई बजे रात को मंडीदीप पंहुचे और सुबह 6 बजे वापस आये। जब हम मंडीदीप पंहुच रहे थे तब हमने देखा कि लोग वहां तक पैदल पंहुच रहे हैं। वापस आने पर अपने मोहल्ले में हमने उस सुबह 9 लाशें देखीं। इनमे से 3 बच्चे थे। इसके बाद अपने पिता के साथ मैं हमीदिया अस्पताल गया। हम यह जानना चाहते थे कि आखिर हुआ क्या था? भोपाल का सबसे बड़ा अस्पताल तब तक लाशों से पट चुका था। लाशों के अंतिम संस्कार ले किये ट्रक लग चुके थे। आनन्-फानन में पोस्ट मार्टम हो रहे थे। उस वक एक ईमानदार फोरेंसिक विशेषज्ञ थे- डाक्टर हीरेश चन्द्र। उन्होने इतनी पोस्ट मार्टम किये कि लोगों के शरीर से निकालने वाली गैस ने उन्हे बहुत ज्यादा पीड़ित बना दिया। कहते हैं कि यदि लोगों को पता होता कि कपडा गीला करके मुंह ढंके रहने से इस गैस का प्रभाव बहुत कम हो जाता है, तो इस तकनीक से कई लोगों की जान बच सकती थी; पर यह बताया ही नहीं गया था कि इस कारखाने में कौन सी जहरीली गैस का उपयोग होत है और इसका रिसाव होने पर बचाव के लिये कौन से कदम उठाना चाहिए! अगले दिन सुबह भोपाल शहर का एक समूह गुस्से में यूनियन कार्बाइड की तरफ बढ़ा। वह उसमे आग लगाना चाहता था। तभी ऐतिहात के तौर पर यह अफवाह उड़ा दी गयी कि फिर से गैस रिस गयी है। और लोग उल्टे पैर वापस भागे। इस घटना के अगले दिन यानी 3 दिसम्बर से ही यह बताना शुरू कर दिया गया कि कारखाने में अब भी भारी मात्रा में जहरीली गैस और अन्य पदार्थ हैं।  इसके अब ठिकाने लगाया जाएगा, इसलिए लोगों से लगभग २ हफ़्तों के लिए शहर काहिल करने के लिए कह दिया गया।  खूब हेलीकाप्टर उडाये गए और कुछ किये जाने का प्रपंच रचा गया।  प्रपंच इसलिए क्योंकि जहर तो आज भी इस कारखाने में ही मौजूद है।  इस कारखाने के परिसर में किसी को जाने नहीं दिया जाता है।  वहाँ के टेंक और मशीनें जंग खाकर मिट्टी और पानी से एकाकार हो गयी।  यानी 3 दिसंबर से 16 दिसम्बर 1984 तक जहर हटाने का काम केवल दिखावा था।  और इसके बाद शुरू हुई एक ऐसी प्रक्रिया जिसमे हमें अपनी व्यवस्था से सबसे ज्यादा न-उम्मीद किया। लोगों को उस दिन भी न तो इलाज़ मिला था, न आज मिल पा रह है। मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू हुई; वह अपने आप में इतनी भ्रष्ट और अपमानजनक प्रक्रिया थी, मानो यह माना जा रहा हो कि लोग मुआवजा लेकर मुफ्त की लूट कर रहे हों। सरकार यह मानने को तैयार नहीं थी कि कारखाने और सरकार के इस गठजोड़ ने लोगों को जिन्दगी भर के लिये बीमार बना दिया है। लोग साधारण बीमारी का ही इलाज़ नहीं करवा पाते हैं, इन नई बीमारियों का इलाज़ कैसे करवाएंगे। इसका खर्च कितना होगा? एक तरह से यह मान लिया गया था लोग तो मरते रहते हैं; इसमे नया क्या है। और यदि मरने वाले गरीब और झुग्गी वाले हैं तो चिंता की कोई बात ही नहीं है। यह त्रासदी भोपाल की राजनीति की नई बिसात बिछा गयी। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने इस त्रासदी से फायदे का खेल खेला है। यह एक बहुत सटीक उदाहरण है लाशों की राजनीति का; 28 साल में न तो लोगों को इलाज़ मिल पाया, न सही मुआवजा, न इस जहर से मुक्त पीने का पानी, और तो और यूनियन कार्बाइड के जहर भरा 1000 टन कचरा आज भी वहीँ भरा हुआ है। जो आज भी लोगों को मारने का काम कर रहा है। यह जहर हवा में मिल रहा है और रिस रिस कर जमीन के भीतर पानी में जा रहा है। मुआवज़े के बेहद अपमान जनक व्यवस्थाएं बनायी गयी। गैस प्रभावितों को तीन साल तक हर माह 200 रूपए मुआवजे के रूप में दिए जाने की प्रक्रिया तय की गयी। हम हर माह एक तय तारीख को मुआवजा केन्द्रों पर लाइन बना कर खडे होते। 200 रूपए लेने के लिए बच्चे, बुज़ुर्ग, काम वाले और बिना काम वाले पूरा दिन अपनी बारे आने का इंतज़ार करते। 7200 रूपए के लिए हमें 36 दिन लाइन में खडे रहने का दंड दिया गया दंड उस अपराध के लिए जो हमने नहीं किया था। दुनिया में ऐसी कोई दूसरी मिसाल बताईये जहाँ 8 लाख लोग 28 साल से अपने गैस पीड़ित होने के दस्तावेज संभाल कर रखे हुए हैं; क्योंकि अभी तक उन्हे अंतिम मुआवजा नहीं मिला है। हमारे लिए एक अस्पताल बना था। उम्मीद थी की वहां से कम से कम इलाज़ तो मिलेगा ही; उस अस्पताल को भी सरकार बंद करने के लिए आमादा है। उसका निजीकरण किया जाना है ताकि कोई निजी कंपनी धंधा कर सके। 

पूरा शहर इस त्रासदी की चपेट में आया।  जहरीली गैस ने यह नहीं देखा कि कौन अमीर है और कौन गरीब; इसके बावजूद भी शहर के लोगों से ताकीद की गयी कि वे साबित करें कि वे इस त्रासदी से प्रभावित हुए थे।  हर बार उन्हे गैस मुआवजा दावा अदालतों में न्यायाधीश के सामने खड़े होना पड़ता था और साबित करना होता था कि वे गैस प्रभावित हैं। यानी पीड़ितों को यह साबित करना होता था कि वे दुर्घटना के शिकार हैं।  और वह भी एक बार नहीं बार बार।

मैं आज तक यह समझ नहीं पाया हूँ कि दुनिया में जब इस तरह की घटनाएं होती हैं तो उन पर खूब शोध होता है और बचाव के रास्ते खोजे जाते हैं। भोपाल गैस त्रासदी के मामले में भारत की सरकारें और वैज्ञानिक निष्पक्ष और ईमानदार शोध से क्यों बचती रही? क्यों अब तक नहीं बताया गया कि इस दुर्घटना का वास्तव में मतलब क्या था? हमारी राजनीति भी इस षड़यंत्र का हिसा बन गयी और राजनीतिक दलों ने भी मांग नहीं की कि इस दुर्घटना के घावों को मिटाने के ईमानदार सामाजिक, राजनीतिक और वैज्ञानिक प्रयास किये जाएँ। इसके ठीक विपरीत उसने डाव केमिकल्स द्वारा प्रायोजित ओलम्पिक खेलों में भाग लेना स्वीकार किया। इसका मतलब है कि उसके लिये लोगों के जीवन से ज्यादा कूटनीति और पूंजीवादी विकास दर महत्वपूर्ण है। उसने बार बार सिद्ध किया है कि वह भोपाल के लोगों के बजाये वारेन एंडरसन के ज्यादा बड़ी हितैषी है। यह एक बड़ा कारण है कि मैं आज सरकारों द्वारा विकास के नाम पर किये जाने वाले निवेश को शंका की दृष्टि से देखता हूँ। मुझे लगता है कि हमारी सरकार जहर का एक और नया कारखाना लगा रही है। वह कारखाना न केवल जमीन, पानी और जंगल जैसे संसाधन लूटेगा; बल्कि हवा के झौंके में मिल कर लाशों के ढेर लगा देगा। इसीलिए मुझे लगता है कि योजना आयोग की वृद्धि दर गरीबों से बलिदान मांगती है। यह वृद्धि दर जितनी बढ़ेगी, उतनी ज्यादा लाशें बिछेंगी। मेरे लिए अपना अनुभव ही मापदंड है यह तय करने का कि निजी क्षेत्र संवैधानिक रूप से जवाबदेय नहीं होता है। वह अपराध करता है, लोगों के हक़ छीनता है, संसाधनों पर कब्ज़ा करता है, लाशें भी बिछा देता है, पर फिर भी उसकी कोई जवाबदेहिता तय नहीं होती। यह जानते हुए कि कोई इसे अवमानना मान लेगा; मैं कहना चाहता हूँ कि हमारी न्यायपालिका ने भी हमें निराश किया है। न तो उसने सरकार की जवाबदेहिता सुनिश्चित की न ही दोषी कंपनी की। न्यायपालिका भोपाल के खिलाफ ही खड़ी  हुई। यह जवाब कौन देगा की भोपाल में बिछ  चुकी 25 हज़ार लाशों का जिम्मेदार कौन है? किस पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए; यह अब तक तय नहीं है।

आज भी मैं भोपाल गैस त्रासदी की याद में होने वाली रैली में शामिल हुआ। धरने में गया। केवल इसलिए नहीं क्योंकि मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता हूँ, इसलिए क्योंकि यह मेरी अपनी लड़ाई है अपनी सरकार के साथ।  मैं अपने लोकतंत्र में राज्य की पक्षधरता का मूल्यांकन करना चाहता हूँ।